सेवता। मां सोनासर देवी मंदिर से बच्चे का अन्नप्राशन कराकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में 36 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यहां से चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में है। हादसा तंबौर मार्ग पर हुआ।
थानगांव थाना क्षेत्र के सीपतपुर गांव निवासी राजू तिवारी ट्रैक्टर-ट्रॉली से शुक्रवार को अपने बच्चे का अन्नप्राशन करवाने लिए सेवता स्थित मां सोनासर देवी मंदिर गए थे। लौटते समय तंबौर मार्ग पर ईंट-भट्ठे के सामने अचानक एक भैंस आ गई। उसे बचाने में चालक रमेश ने अचानक ब्रेक मार दिया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ग्रामीणों से सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
हादसे में ट्रैक्टर पर सवार मीना देवी, मोहिनी, गायत्री, मंजू, कृष्णा, रीता, लीलावती, साधना, निधि, अनुराग, ज्योति, पूनम, मीना, सीता, पुष्पा, साक्षी, साधना, छोटू, सरोज, कमला देवी समेत 36 लोग घायल हो गए। इसमें मीना देवी, रीता देवी, कलावती व समा की हालत गंभीर है। इन चारों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी हनुमंत तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद चालक हिरासत में है।