लहरपुर (सीतापुर)। तालगांव मार्ग पर लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। गंभीर हालत में तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कलाबहादुरपुर निवासी गंगा (28), रामनरेश (27), इरफान (26) ट्रिपलिंग कर किसी काम से तालगांव जा रहे थे। तभी तालगांव मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार सिर के बल सड़क पर जा गिरे। हेलमेट न लगाने के कारण तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। एंबुलेंस से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर ले जाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप को मौके पर छोड़कर भाग गया। लहरपुर कोतवाल आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि पिकअप पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।