महोली। क्षेत्र में बुधवार को तेज धूल भरी आंधी पानी ने जमकर कहर बरपाया। कई जगह पेड़ टूटकर विद्युत लाइनों पर गिरने से महोली उपखंड के सभी फीडर ठप हो गए। इससे महोली कस्बे समेत करीब 250 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब चार लाख की आबादी को काफी दिक्कत झेलना पड़ी। घंटों बिजली गुल होने से पेयजल संकट ने भी लोगों को खूब परेशान किया। महोली नगर में हाईवे किनारे खड़ा विशाल जामुन का पेड़ विद्युत तारों पर गिरने से 11 हजार केवीए की मुख्य लाइन में फाल्ट आ गया। वहीं, बड़ागांव रोड और ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ गिरने से तार टूटने के साथ कई खंभे भी झुक गए। बिजली न आने से घरों और प्रतिष्ठानों के इनवर्टर भी डिसचार्ज होकर कर जवाब दे गए। जेई सुरेश चंद्र ने बताया कि पेड़ हटाकर लाइनों की मरम्मत शुरू कर दी गई है।