सीतापुर। जिले में दो दिन से हो रही बारिश से बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई। देवगंवा व भवानीपुर उपकेंद्र में तकनीकी खराबी आ गई। मिश्रिख, नैपालापुर, सिधौली, पिसावां में बिजली लाइनों पर पेड़ गिर गये। इसके चलते बिजली गुल रही है। शहर में छह घंटे बिजली गुल रही तो करीब 400 गांवों में आपूर्ति बाधित चल रही है।
शहर से जुड़े भवानीपुर उपकेंद्र में बुधवार सुबह तकनीकी दिक्कत आ गई। इसके चलते सुबह सात बजे बिजली गुल हो गई। दोपहर 12 बजे आपूर्ति बहाल हुई। इस लंबी कटौती के चलते विकास नगर सहित 15 मोहल्लों में पानी का संकट खड़ा हो गया। इसी तरह देवगवां उपकेंद्र में बुधवार को तकनीकी खराबी आ गई। पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर में खराबी के चलते 100 से अधिक गांव प्रभावित हुए है।
मिश्रिख उपकेंद्र से निकली हाईटेंशन लाइन पर कई जगहों पर पेड़ गिर गये। इसके चलते कस्बा सहित गांवों की बिजली गुल चल रही है। सिधौली उपकेंद्र से 33केवी ग्रामीण की बिजली लाइनों पर पेड़ गिर गये है। इससे गांवों की बिजली सुबह से बाधित है। 33केवी नैपालापुर से निकली हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से नैपालापुर कस्बा सहित गांवों में आपूर्ति ठप हो गई है।
मछरेहटा उपकेंद्र से निकाली लाइनों पर तीन जगहों पर पेड़ गिरने से बुधवार सुबह से आपूर्ति बंद चल रही है। इसी तरह पिसावां उपकेंद्र की लाइनों पर भी पेड़ गिरने से बिजली गुल है। विद्युत उपकेंद्र बांसुरा से जुड़े गांवों में फॉल्ट के चलते बिजली आपूर्ति ठप चल रही है। लाइनों में आई फॉल्ट के चलते जिले के करीब चार सौ गांवों में आपूर्ति बाधित चल रही है।
अधीक्षण अभियंता ने किया निरीक्षण
अधीक्षण अभियंता नंदलाल व अधिशाषी अभियंता द्वितीय दिलीप गुप्ता ने बुधवार को नीमसार नया व पुराना के साथ रामकोट उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपकेंद्र में आपूर्ति व्यवस्था देखी। कहा रोस्टर के अनुसार आपूर्ति की जाए।
सांसद ने किया नये फीडर का लोकार्पण
नीमसार ग्रामीण उपकेंद्र दो नये फीडर बुधवार से शुरू हो गये है। सांसद अशोक रावत ने इन फीडरों का लोकार्पण किया। अधिशाषी अभियंता द्वितीय दिलीप गुप्ता ने बताया कि यह फीडर चालू होने से औरंगाबाद व बकेनिया क्षेत्र के उपभोक्ताओं की लो वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी।