सकरन/सीतापुर। पाॅवर कॉर्पोरेशन के अफसरों की लापरवाही ने उमरा कला की करीब 2500 की आबादी का रक्षाबंधन का पर्व फीका कर दिया है। यहां चार दिनों से ट्रांसफाॅर्मर फुंका पड़ा है। जिसके चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। विभागीय अधिकारी रक्षाबंधन के बाद ट्रांसफाॅर्मर बदलवाए जाने की बात कह रहे हैं। इसके लेकर ग्रामीणों को रोष व्याप्त है।
सकरन के उमरा कलां गांव में रविवार को ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया था। इसके बाद से गांव में बिजली गुल है। करीब 2500 उपभोक्ता चार दिनों से बिजली के अभाव में गर्मी से जूझ रहे हैं। बिजली के उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। गांव के किशोरीलाल ने बताया कि बिजली के बगैर रक्षाबंधन का त्योहार फीका हो गया है। मोबाइल तक चार्ज नहीं है, कि अपने रिश्तेदारों से संपर्क कर सकें। घनश्याम भार्गव बताते हैं, कि इन दिनों उमस भरी गर्मी से वैसे ही जीना मुहाल है। ऊपर से बिजली भी गुल है। विभागीय अधिकारी शिकायत के बाद भी ध्यान नहीं देते हैं। अमर सिंह व रोहित वर्मा आदि ने फुंके पड़े ट्रांसफाॅर्मर को बदलवाकर विद्युत आपूर्ति चालू किए जाने की मांग की है। अवर अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि जानकारी मिली है। त्योहार र के बाद ट्रांसफाॅर्मर बदलवा दिया जाएगा।
लो-वोल्टेज से उपभोक्ता त्रस्त
सकरन के मुंशीपुरवा गांव में विगत दो माह से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि वोल्टेज इतनी लो आता है, कि सिर्फ बल्ब के तार लाल रहते हैं। न मोबाइल चार्ज हो पाते हैं और न ही कोई उपकरण चल पाते हैं। कई बार उपकेंद्र सांडा में शिकायत की गई, पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीण देवी शंकर यादव, चन्द्रशेखर, सेतुबंधु, मुरली आदि ने लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है।