मिश्रिख (सीतापुर)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल नगर इकाई मिश्रिख ने संगठन के 30 वर्ष पूरे होने पर रविवार को स्थापना दिवस सम्मान दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखी। पुलिस ने पूरी सुरक्षा का वादा किया।
कल्लूराम उदयराम धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में सीओ सुशील कुमार यादव ने व्यापारियों से कहा प्रत्येक माह ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए, जिससे व्यापारियों की समस्याओं का भी निस्तारण समय से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी सीसीटीवी दुकानों में लगवाएं। साथ ही एक कैमरा सड़क की ओर जरूर लगाएं, जिससे सड़क पर आने वाले और दुकान पर आने वाले ग्राहकों की पहचान स्पष्ट हो सके। किसी भी समस्या का निस्तारण समय से किया जा सके। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए भी प्रेरणा दी। इंस्पेक्टर जितेंद्र ओझा में व्यापारियों से कहा कि दुकान के सामने खड़े करने वाले बाइक को सही जगह पर खड़ा करें। चौकी इंचार्ज रत्नेश त्रिपाठी ने व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पूरा भरोसा दिलाया। अध्यक्ष हरिप्रसाद वर्मा, मुन्नालाल वैश्य, मणिशंकर गुप्ता, राम किशोर वर्मा, राहुल स्वर्णकार आदि मौजूद रहे।