महमूदाबाद में विरोध करते व्यापारियों को समझाती पुलिस। - संवाद
- फोटो : SITAPUR
महमूदाबाद (सीतापुर)। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुसुम सिंह ने शनिवार को कस्बे में छापा मारा। इसकी जानकारी मिलते ही व्यापारी एकजुट होकर भड़क गए। एफएसओ पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। मामला तूल पकड़ने पर सीओ सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसडीएम ने छापा बंद करवाते हुए टीम बनाकर कार्रवाई की हिदायत दी।
एफएसओ कुसुम सिंह ने पुलिस बल की मौजूदगी में नगर के बजाजा चौराहे के आगे शंकर दयाल किराना स्टोर्स पर छापा मारा। वहां से चाय का नमूना भरा। व्यापारियों को इसकी खबर लगते ही उन्होंने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। जिसके बाद महमूदाबाद उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ तमाम व्यापारी रामकुंड चौराहा पर पहुंच गए।
वहां उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। व्यापारियों का आरोप है कि एफएसओ लगातार व्यापारियों से चेकिंग के नाम पर परेशान कर रही हैं। इसको लेकर डीएम सहित अन्य अफसरों से शिकायत कर चुके है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विरोध की सूचना पाकर सीओ रविशंकर प्रसाद, इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह पहुंचे। व्यापारियों को समझाकर मामला शांत कराया।
उप जिलाधिकारी मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि व्यापारियों से वार्ता हो गई है। अब जिले से टीम गठित होकर आएगी, वह जांच करेगी। इस मौके पर महमूदाबाद उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय जायसवाल, महामंत्री मुकेश यज्ञसेनी, कोषाध्यक्ष प्रभात जैन, अभितेश गुप्ता, समरेंद्र गुप्ता व सुनील गुप्ता आदि मौजूद रहे।