सदरपुर (सीतापुर)। सदरपुर के रसूलपुर तराई में बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने बाघ देखने का दावा किया है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए जांच की। वन कर्मी वन्यजीव के बाघ होने से इन्कार कर रहे हैं। बता दें कि सदरपुर के रसूलपुर तराई गांव के पश्चिम दिशा में मुनव्वर अली के मकान के उत्तर जाफर अली का गेहूं का खेत है। बुधवार को ग्रामीण मुनव्वर अली, ओमप्रकाश कश्यप और ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने एक जंगली जानवर देखा। बताया कि जानवर सड़क पार कर अनिल प्रधान के खेत से होकर सत्यराम के खेत में जाते दिखा। यह जानवर बाघ है। इसकी सूचना उन्होंने वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम के बन दरोगा अरविंद कुमार, निमिष सिंह चौहान व अन्य ने कॉम्बिंग की। ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा। हालांकि वन कर्मियों ने बताया कि फिलहाल कोई पग चिन्ह नहीं मिले हैं जांच की जा रही है।