मानपुर/बिसवां। मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लहरपुर-बिसवां मार्ग पर घने कोहरे के बीच दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में मामा-भांजा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे और सिर में गंभीर चोट आने के कारण मौत हुई है।
बिसवां के मोहल्ला दायरा निवासी शोएब (35) एक होटल में काम करता था। गुरुवार को वह अपनी बहन के घर लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के भूलनपुर गांव गया था। इन दिनों बिसवां में गुलजार का मेला चल रहा है। मेला देखने के लिए शोएब का भांजा शादाब (25) भी बृहस्पतिवार शाम उसके साथ बाइक से बिसवां जाने को निकला।
घने कोहरे के बीच लहरपुर-बिसवां मार्ग पर महराजनगर पुल के पास बिसवां से मेला देखकर बाइक से घर जा रहे मोबीन(28) निवासी अमावा थाना तालागांव की बाइक से शोएब की बाइक भिड़ गई। घटना में शोएब, उसके भांजे शादाब व दूसरी बाइक पर सवार मोबीन की मौत हो गई। मोबीन के साथ बाइक सवार शिव कुमार (30) निवासी नेवादा थाना तालगांव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।