सदरपुर/जहांगीराबाद। सदरपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन हिस्ट्रीशीटरों को दबोचा। बदमाशों के पास से चोरी के जेवर, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस व 33 हजार रुपये बरामद हुए हैं। सभी को जेल भेज दिया गया है।
महमूदाबाद क्षेत्राधिकारी रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सदरपुर अजय कुमार रावत टीम के साथ शनिवार को जदवापुर मोड़ पर चेकिंग कर रहे थे। इस बीच तीन संदिग्ध लोग पुलिस को देख भागने लगे। शक के आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम विजय, महेश तथा ओमकार निवासीगण लोनियनपुरवा बेदौरा थाना रेउसा बताया।
इनके पास से चोरी की सोने-चांदी की ज्वैलरी, चांदी के सिक्के, टार्च व 33 हजार 600 सौ रुपये बरामद हुए। विजय के पास से एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। सभी ने तालगांव और बिसवां थानाक्षेत्र में चोरी करने की बात स्वीकार की है। थानाध्यक्ष अजय कुमार रावत ने बताया कि पकड़े गए तीनों हिस्ट्रीशीटर हैं। तीनों ने दो चोरियां तालगांव व दो चोरियां बिसवां थाना क्षेत्र में करने की बात स्वीकार की है। अभियुक्तों की संपत्ति का ब्यौरा जुटाया जा रहा है।