फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: नई सट्टा व आपूर्ति नीति से साढ़े तीन लाख किसानों को मिलेगा फायदा

Wed, 17 May 2023 12:12 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। गन्ने की सट्टा एवं आपूर्ति की जारी नई नीति में कई बदलाव किए गए हैं। इसमें सट्टे की अधिकतम सीमा बढ़ाई गई है। यानी किसान अब चीनी मिलों को अधिक गन्ना आपूर्ति कर सकेंगे। नई नीति से जिले के 3 लाख 46 हजार से अधिक गन्ना किसान लाभान्वित होंगे। प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी ने पेराई सत्र 2023-24 में गन्ना आपूर्ति नीति के आधार पर ही किसानों को पर्चियां जारी करने के निर्देश चीनी मिलों को दिए हैं।
विज्ञापन

नई नीति में गन्ना किसानों की बढ़ रही उपज के दृष्टिगत प्रति हेक्टेयर सट्टे की सीमा में सार्थक बढ़ोत्तरी की गई है। गन्ना सट्टे की सीमा सीमान्त कृषक (1 हेक्टेयर तक) के लिए अधिकतम 850 क्विंटल से बढ़ाकर 900 क्विंटल, लघु कृषक (2 हेक्टेयर तक) के लिए 1700 से बढ़ाकर 1800 क्विंटल तथा सामान्य कृषक (5 हेक्टेयर तक) के लिए 4250 से बढ़ाकर 4500 क्विंटल कर दी गई है।
उपज बढ़ोत्तरी की दशा में सट्टे की अधिकतम सीमा सीमान्त, लघु एवं सामान्य किसानों के लिए क्रमश: 1350 क्विंटल से बढ़ाकर 1400 क्विंटल, 2700 से बढ़ाकर 2800 तथा 6750 से बढ़ाकर 7000 क्विंटल निर्धारित की गई है।
विज्ञापन

इसके अलावा छोटे किसानों को बड़ी राहत दी गई है। अब 60 क्विंटल की जगह 72 क्विंटल तक के सट्टा धारक किसानों को छोटे किसानों की श्रेणी में शामिल कर दिया गया है। इससे इन सट्टा धारकों को 45 दिन के अंदर गन्ना आपूर्ति की सुविधा मिल सकेगी। वहीं, अब सट्टा आपूर्ति में भूमि क्रय-विक्रय के प्रकरणों में बेसिक कोटा हस्तान्तरण, ड्रिप विधि से सिंचाई करने वाले कृषकों को सट्टे में प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला गन्ना अधिकारी संजय सिसौदिया ने बताया कि अब गन्ना विकास विभाग के माध्यम से आपूर्तिकर्ता किसानों की अधिकतम गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए गत दो वर्ष, तीन वर्ष एवं पांच वर्ष की औसत गन्ना आपूर्ति में से अधिकतम औसत गन्ना आपूर्ति को बेसिक कोटा माना जाएगा। इससे न केवल कृषकों की गन्ना आपूर्ति में बढ़ोत्तरी होगी बल्कि चीनी मिलों को भी अधिक गन्ना प्राप्त हो सकेगा।


सट्टा प्रदर्शन 20 जुलाई से

कृषकवार और ग्रामवार सर्वे सट्टा सूचियों का प्रदर्शन 20 जुलाई से 30 अगस्त तक किया जाएगा। प्री-कैलेंडर का ऑनलाइन वितरण 1 सितम्बर से 10 सितम्बर तक होगा। समिति स्तरीय सट्टा प्रदर्शन 11 सितम्बर से 30 सितम्बर तक किया जाएगा। नई सट्टा नीति से डिजिटलीकरण को और बढ़ावा मिलेगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें