सिधौली पुलिस के गिरफ्त में डीजल चोर।
सिधौली/ कुंवरगड्डी। कोतवाली पुलिस ने डीजल चोरी के शक में हिरासत में लिए तीन आरोपियों को जेल भेज दिया है। तीनों डीजल चोर निकले। इसकी आशंका को लेकर बृहस्पतिवार को अमर उजाला में खबर प्रकाशित की गई थी। पुलिस ने एक युवक को छोड़कर सभी को जेल भेजा है।
कोतवाली पुलिस ने बुधवार को जेतौरा गांव के निकट स्थित ढाबे पर छापा मारकर एक वैन में रखे ड्रम के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया था। पूछताछ में उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस शाम को कोतवाली ले आई थी। उनकी पहचान दुबग्गा नौबस्ता निवासी देवांश, बाराबंकी के थाना सतरिख भिठौलीकलां निवासी अर्जुन यादव और कमलापुर के बसंतपुर निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई।उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आठ हजार रुपये नकद, दो ड्रम में करीब 230 लीटर डीजल,10 ड्रम में करीब एक हजार 115 लीटर पैट्रोल, 21 खाली छोटे बड़े ड्रम, तीन खाली टीन के डब्बे व एक कार बरामद की।
इंस्पेक्ट अरविंद सिंह ने बताया कि आरोपी हाईवे किनारे स्थित विभिन्न ढाबों पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उनको जेल भेजा गया है। वहीं, चौथे आरोपी के बारे में उनको जानकारी नहीं है। क्षेत्राधिकारी शोभित अत्री ने बताया कि इस गिरोह के सदस्यों को जेल भेजा है। इस तरह की गतिविधियों पर पुलिस सतर्कता के साथ नजर रख रही है।