जिला अस्पताल की ओपीडी में पसरा सन्नाटा।
सीतापुर। अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ मुहुर्त का इंतजार हर किसी को था। चिकित्सक से लेकर मरीज तक इस पल को देखने के लिए आतुर दिखे। इसी वजह से ओपीडी में मरीजों की संख्या बेहद कम रही। चिकित्सक बैठे रहे। वे भी मोबाइल पर समारोह का अपडेट लेते रहे। ओपीडी में करीब पांच सौ मरीजों ने पहुंचकर इलाज करवाया।
जिला अस्पताल की ओपीडी में वर्तमान में 1,500 से 1,700 तक मरीज रोजाना आते हैं। लेकिन सोमवार को हालात एकदम विपरीत दिखाई दिए। सुबह आठ बजे ओपीडी खुल गई। लेकिन पर्चा काउंटर पर इक्का-दुक्का ही मरीज दिखाई दिए। चिकित्सक अपने कक्ष में मोबाइल पर अयोध्या की जानकारी करते रहे। हर कोई रामलला के पहले दर्शन को आतुर था। इसी तरह वार्डों में भर्ती मरीज भी मोबाइल पर टकटकी लगाए हुए थे। वे सभी एक-दूसरे से अयोध्या में बने राम मंदिर की चर्चा कर रहे थे। दोपहर 12 बजे के बाद प्राण प्रतिष्ठा होनी थी। इस अवधि तक ओपीडी पूरी तरह से खाली हो गई थी। चिकित्सक भी मरीज न होने के कारण चले गए। सीएमएस डॉ. पीके सिंह ने बताया कि ओपीडी में मरीजों की संख्या बेहद कम रही। वहीं, इमरजेंसी में भी अन्य दिनों की अपेक्षा बहुत कम मरीज आए।