सीतापुर। शहर के 20 मोहल्लों में शनिवार को चार घंटे बिजली गुल रहने से लोग परेशान दिखे। उमस भरी गर्मी में लोगों को परेशान होना पड़ा। सिविल लाइन फीडर से जुड़े मोहल्लों में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बिजली गुल रही।
इसके चलते बैजनाथ कॉलोनी, आगा कॉलोनी, ऑफिसर कॉलोनी, जज कॉलोनी में बिजली ठप रही। रोटी गोदाम फीडर से जुड़े ब्रह्मपुरी कॉलोनी, रोटी गोदाम मोहल्ले में दोपहर 2 से शाम 5.30 बजे के बीच आपूर्ति बंद रहने से उपभोक्ता काफी परेशान रहे। दोपहर के समय बिजली न होने से उमस लोगों को परेशान करती रही। लंबी कटौती के चलते इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। एसडीओ रवि गौतम ने बताया कि तारों के ऊपर से गुजरे पेड़ों की टहनियों की छटाई कराई गई थी। इसी वजह से कटौती हुई थी।
दो दिन से फुंका पड़ा ट्रांसफार्मर
सकरन। कस्बे में मुख्य चौराहे पर लगा ट्रांसफार्मर दो दिन बाद भी बदला नहीं जा सका है। इससे ग्रामीणों को बहुत दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। बीएसएनएल टावर के सामने लगा ट्रांसफार्मर शुक्रवार को फुंक गया था। इसकी वजह से आर्यावर्त बैंक व जिला सहकारी बैंक में भी बिजली नहीं आ रही है। उपभोक्ता पहाड़ीलाल वर्मा, गोविंद गुप्ता, नरेश भार्गव व चंद्रभाल नाग आदि ने इसे बदलवाने की मांग की है। अवर अभियंता सतीश कुमार कनौजिया ने बताया कि जल्द ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।
घरों के बाहर लगाए जाएंगे मीटर
खैराबाद। कस्बे में बिजली चोरी रोकने के लिए घरों के अंदर से मीटर हटाकर बाहर लगवाए जाएंगे। बिजली विभाग ने इसकी प्लानिंग तय कर ली है। जेई अमित कुमार यादव ने बताया बिजली चोरी रोकने के लिए घरों और संस्थानों से अंदर से बाहर मीटर लगाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर की 75 हजार आबादी के 52 मोहल्लों में 9936 घरेलू कनेक्शन है। इसके अलावा 1,238 कामर्शियल कनेक्शन हैं। इन सभी के मीटर बाहर किए जाएंगे।