कुंवरगड्डी (सीतापुर)। सिधौली कस्बे में ट्रक चालकों ने हाइवे पर ही ट्रकों का चक्का जाम कर दिया। जिससे करीब छह किलोमीटर से भी अधिक का जाम लग गया। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो चालकों ने हंगामे को और भी उग्र कर दिया। इस दौरान उन्होंने पथराव किया, जिसमें एक पत्थर सिपाही को भी लगा। फिर पुलिस ने बल प्रयोग कर जाम को हटवाया। क्षेत्र के महमूदाबाद चौराहे के पास सोमवार सुबह दस बजे ट्रक चालकों ने हाइवे पर ट्रकों को खड़ा कर दिया। इसके चलते अन्य वाहन चालक भी जाम में फंस गए। चौराहा होने के कारण महमूदाबाद मार्ग पर दो किलोमीटर तक जाम लगा। वहीं हाईवे पर चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब चालकों को हटाने का प्रयास किया तो उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। फिर पथराव किया। इस दौरान एक सिपाही संदीप कुमार को पत्थर लग गया। वह चोटिल हो गया। पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए कई ट्रकों के शीशे तोड़ दिए। फिर स्थिति पर करीब दो घंटे बाद काबू पाया जा सका। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि सिपाही को मामूली चोट आई है। 50 लोगों पर उपद्रव करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।