सीतापुर। लखनऊ में रहकर चोरियों की घटना को अंजाम देने वाला तंबौर निवासी इमरान अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। उसे पकड़ने के प्रयास में गांव पहुंची पुलिस टीम पर बीते दिनों हमला भी हो चुका है। पुलिस ने हमला करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक नामजद महिला की भी तलाश है।
लखनऊ के विकासनगर थाने में चोरी का आरोपी थाना मडियांव निवासी इमरान अपने एक साथी गांव भदेवा निवासी आलम के साथ रह रहा था। इसकी भनक लगने पर विकासनगर थाने की पुलिस जब गांव पहुंची तो सलीम, रुबीना, साहिबा, कल्लो, सोनी, शम्भू, आलम, महबूब आदि ने इमरान को बचाने के लिए पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर ईंट पत्थरों से हमला कर शातिर चोर इमरान और आलम को मौके से फरार करा दिया। इस मामले में पुलिस ने हमलावरों में शामिल हसीब और महबूब को गिरफ्तार कर लिया लेकिन मुख्य आरोपी इमरान अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
इमरान मूल रूप से तंबौर का रहने वाला है। वह लखनऊ में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। आलम उसके साथ ही रहता था। पुलिस सूत्रों की मानें तो इमरान चोरी की कमाई का काफी हिस्सा रूबीना और उसकी बहन पर खर्च करता था। रूबीना अपनी बहन का निकाह इमरान से कराना चाहती थी। अगर इमरान गिरफ्तार हो जाता तो रूबीना को निकाह कराने में दिक्कत होती। इस लिए वह पुलिसकर्मियों का विरोध कर इमरान के साथ खुद भी मौके से भाग निकली। अब पुलिस इमरान के साथ ही रूबीना की तलाश में भी जुटी है।