सीतापुर। शहर में बिजली व्यवस्था रोजाना पटरी से उतरती जा रही है। नैपालापुर उपकेंद्र से जुड़े आदर्श नगर मोहल्ले में तार टूटकर तालाब में गिर गया। गनीमत रही कि तार टूटते ही बिजली गुल हो गई। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान करीब एक घंटे आपूर्ति बाधित रही। भवानीपुर व सिटी पॉवर हाउस से जुड़े मोहल्लों में करीब चार घंटे की अघोषित कटौती की गई।
नैपालापुर उपकेंद्र से आदर्श नगर मोहल्ले को बिजली की आपूर्ति की जाती है। रविवार सुबह 8.30 बजे एक तार टूटकर तालाब में गिर गया। बिजली विभाग के ऑनलाइन सिस्टम के जरिए तत्काल आपूर्ति बंद हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तार को जोड़कर एक घंटे में आपूर्ति बहाल कर दी। अधिशासी अभियंता द्वितीय दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि तार टूटने की सूचना पर इसे दुरुस्त करवा दिया गया था।
इसी तरह भवानीपुर उपकेंद्र से जुड़े विकास नगर, श्रीनगर, भार्गव कॉलोनी, हेमपुरवा सहित 15 मोहल्लों में दिन में कई बार बिजली कटौती की गई। इसके चलते दिन में करीब चार घंटे की अघोषित कटौती हुई। इसके अलावा सिटी पॉवर हाउस से जुड़े तामसेनगंज मोहल्ले में भी आपूर्ति बाधित रही। मोहल्लेवासियों ने बताया एक कर्मी ने लाइन दुुरुस्त करने के लिए शटडाउन लिया था। इसी दौरान गलत तरीके से तार जुड़ गया तो ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गई। करीब चार घंटे बाद इस तकनीकी फॉल्ट को दुरुस्त करके आपूर्ति बहाल की गई।