सीतापुर (रामपुरमथुरा)। धर्मांतरण मामले में पुलिस की जांच सीडीआर और फुटेज के आधार पर चल रही है। वहीं, दूसरी तरफ सेवता विधायक से पीड़िता ने मिलकर दोबारा मेडिकल जांच कराए जाने की बात कही है। हालांकि अमर उजाला ने इस तथ्य को पहले ही प्रकाशित कर दिया था कि मेडिकल रिपोर्ट में पीड़िता के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि नहीं हुई है। इलाके की एक किशोरी को सूरत ले जाकर उसका धर्मांतरण कराने के साथ ही सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला आया था। मामले में राजनीतिक दखल होने के बाद थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया था। पुलिस ने मामले में पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि न होने के बाद पुलिस ने जब सीसीटीवी व सीडीआर खंगाला तो कई अन्य खुलासे होने लगे। रविवार को पीड़िता ने क्षेत्रीय विधायक ज्ञान तिवारी से मिलकर बताया है कि वह मेडिकल रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। विधायक ने बताया कि पीड़िता ने पैनल बनाकर मेडिकल दोबारा करवाने की मांग की है।