लहरपुर क्षेत्र में जेई संक्रमित गांव में मौजूद स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : लहरपुर क्षेत्र में जेई संक्रमित गांव में मौजूद स्वास्थ्य टीम।
लहरपुर। इलाके के ग्राम शरीफपुर कसमंडा में जापानी इंसेफलाइटिस से किसान की मौत के दो दिन बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। पीडि़त परिवार से इलाज संबंधी दस्तावेज देखे। बीमारी का कारण जानने की कोशिश की। टीम ने माना कि गांव में गंदगी की वजह से मच्छरों का प्रकोप है। बता दें कि गांव के युगल किशोर की पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पीजीआई में चिकित्सकों ने जेई होने की पुष्टि की थी। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार के निर्देश पर सोमवार को टीम गई थी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेयी की अगुवाई में डॉ. प्रणव, डॉ. विजय प्रकाश व डॉ. गोविंद गुप्ता ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इलाज के दौरान दवाओं व जांच रिपोर्ट का पूरा ब्यौरा देखा। अधीक्षक ने कहा कि गांव में गंदगी है। बीडीओ को साफ सफाई के लिए पत्र लिखा जाएगा। सीएचसी की टीम मंगलवार को गांव में शिविर लगाएंगी। शिविर में पीडि़त परिवार सहित बुखार के मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे।