सीतापुर। जिले के 11 नगर निकायों में अध्यक्ष और सभासद के लिए चार मई को होने वाले मतदान के लिए चल रहा चुनाव प्रचार मंगलवार शाम को थम जाएगा। शाम पांच बजे के बाद न तो नुक्कड़ सभा हो सकेगी और न ही प्रत्याशी या समर्थक हुजूम में जनसंपर्क कर सकेंगे।
जिले में कुल 11 नगर निकाय हैं। इनमें से छह नगर पालिका हैं जबकि पांच नगर पंचायत हैं। सभी 11 नगर निकायों में अध्यक्ष पद के लिए कुल 95 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। यूं तो जनपद के 11 नगर निकायों में 228 वार्ड हैं लेकिन एक वार्ड से सभासद का निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण 227 वार्डों के लिए यह मतदान होना है। 227 वार्डों से सभासद के कुल 1076 प्रत्याशी मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने के लिए लगातार नुक्कड़ सभा, बाइक रैली, जनसभा का आयोजन कर रहे हैं।
मतदान चार मई को होना है, लिहाजा दो मई की शाम पांच बजे प्रचार का शोर थम जाएगा। पांच बजे के बाद लाउडस्पीकर से कोई भी प्रत्याशी प्रचार नहीं कर सकेगा। इसके अलावा रैली और सभाएं भी नहीं हो सकेंगी। शाम पांच बजने के बाद प्रशासनिक अमला भी पूरी सतर्कता के बाद सक्रिय हो जाएगा। पांच बजे के बाद अगर किसी भी प्रत्याशी का प्रचार होते पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की रूपरेखा भी प्रशासन ने तैयार की है।
घर-घर पर्ची पहुंचाने में जुटे प्रत्याशी
चुनाव प्रचार तो आज शाम को पांच बजे बंद होगा, लेकिन प्रत्याशियों और समर्थकों ने मतदाताओं के घर मतदाता पर्ची पहुंचाने का कार्य सोमवार से ही शुरू कर दिया। मतदान केंद्रों के लिए अभिकर्ता बनाए जाने का कार्य भी अधिकांश प्रत्याशियों ने पूरा कर लिया है। इसके साथ ही नाते रिश्तेदारों और प्रभाव वाले लोगों के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशी दिन रात एक कर रहे हैं।