कमलापुर/सीतापुर। क्षेत्र पंचायत से कराए गए दो करोड़ के 30 विकास कार्यों का सांसद राजेश वर्मा और विधायक निर्मल वर्मा ने लोकार्पण बटन दबाकर किया। इस दौरान सांसद व विधायक ने प्रधानमंत्री आवास के 60 लाभार्थियों को जब चाबी और प्रमाण पत्र दिए तो उनके चेहरे खिल उठे। इस मौके पर दो महिला स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट प्रमाण पत्र सौंपा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख कसमंडा मुन्नी देवी ने की। ब्लॉक कार्यालय परिसर में बुधवार को कार्यक्रम में सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि इस समय गांव, गरीब, किसान व मजदूर की सरकार है। धरातल पर किस चीज की जरूरत है उसको ध्यान में रखकर काम कराया जा रहा है। आज हम स्वास्थ्य, शिक्षा व सुरक्षा में विश्व के पटल पर छाए हुए हैं। गांव के विकास की रफ्तार तेज हुई है।
धीरे-धीरे हम अपने देश को परम वैभव पर पहुंचाने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं। कार्यक्रम में आवास की चाबी पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। एकता महिला स्वयं सहायता समूह असोधन को मसाला व सेनेटरी पैड बनाने तथा कैरियर महिला स्वयं सहायता समूह को कप आदि पर पेंटिंग को लेकर उत्कृष्ट प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
सांसद व विधायक ने दो करोड़ से कराए गए क्षेत्र पंचायत के 30 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर डीडीओ, प्रभारी बीडीओ कसमंडा हरिश्चंद्र प्रजापति, मंडल अध्यक्ष अमर बाजपेई, अरविंद पांडेय, जेपी सिंह, अनुराग जायसवाल, एसओ राजकरन शर्मा आदि मौजूद रहे।