सीतापुर। रेउसा के बंभनेवा गांव निवासी एक किशोर कांवड़ के लिए जल लेने गया फिर लापता हो गया। बुधवार को उसका शव थानगांव थाना क्षेत्र में नदी में उतराता मिला। परिजनों का आरोप है कि जानकारी देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सुरेंद्र (17) रविवार को कांवड़ के लिए जल लेने साइकिल से निकला था। चहलारी घाट पर अगले दिन उसकी साइकिल और कपड़े पड़े मिले। पिता संतोष ने बताया कि साइकिल मिलने की बात और पुत्र के लापता होने की जानकारी उन्होंने थानगांव पुलिस को दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उल्टा उसके पुत्र को नशेड़ी बताते हुए परिजनों को थाने से भगा दिया। इसके बाद कई स्थानों पर पीड़ित पिता ने पुत्र की तलाश की। घटनास्थल से दस किलोमीटर दूर मुजेहना गांव के पास उन्हें पुत्र के शव दिखने की जानकारी हुई। पीड़ित ने उसकी पहचान अपने पुत्र के रूप में की। एसओ रामप्रकाश ने बताया कि उ्रन्हें कोई जानकारी नहीं हुई है। सीओ महमूदाबाद रविशंकर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ करने वाले को पकड़ा
महमूदाबाद। शेरापुर में धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ करने वाले को शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सीओ रविशंकर ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर युवक की तलाश की जा रही थी। देर रात सब्जी मंडी के पास से आरोपी मिल गया। आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।