सीतापुर। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश के लिए चौथे चरण की आवेदन प्रक्रिया एक मार्च से शुरू हो जाएगी। ऑनलाइन आवेदन के लिए संबंधित वेबसाइट का लिंक सुबह नौ बजे के बाद खुल जाएगा, जिस पर छात्रों का पंजीकरण कराया जा सकेगा। बता दें कि अधिनियम के तहत निजी स्कूलों को अपने यहां कक्षा एक की 25 प्रतिशत सीटों पर निशुल्क दाखिला देना होता है। इसके लिए यह आवश्यक है कि आवेदन करने वाला बच्चा उस विद्यालय की परिधि से एक किलोमीटर अंदर उसी वार्ड का निवासी हो। आरटीई के तहत चार चरणों में दाखिले की प्रक्रिया पूरी होनी है। इसके लिए अब तक तीन चरण पूरे हो चुके हैं। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि अब तक पूरे हुए तीनों चरणों में जिन नौनिहालों का चयन हो चुका है, उनके दाखिले की प्रक्रिया डीएम के अनुमोदन के बाद पूरी की जाएगी।