रामकोट/खैराबाद (सीतापुर)। बहू को मायके से विदा कराकर शुक्रवार देर रात लौट रहे टेंपो सवार लोगों को रामकोट-मधवापुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में नवविवाहित युवक के चाचा और फूफा सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हो गए।
खैराबाद थाना क्षेत्र के किसानी टोला निवासी राजेश (20) की शादी तीन मई को पिसावां थाना क्षेत्र के ढखौरा गांव निवासी सुनीता (18) के साथ हुई थी। शुक्रवार को राजेश अपनी पत्नी को विदा कराने टेंपो से ढखौरा गया था।
उसके साथ पिता जगदीश (60), मां राममूर्ति (55), चाचा शिवरतन मौर्य (55), भाई दीपू (18) व परिवार के ही अंकित (12) और काजल (15) के साथ ही फूफा संतराम (55) निवासी दामोदपुर थाना रामकोट भी थे। टेंपो अकबरगंज निवासी शिवाकांत (18) चला रहा था।
सभी लोग शुक्रवार आधी रात खैराबाद स्थित घर लौट रहे थे। रामकोट-मधवापुर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो सवार सभी लोग जख्मी हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां शिवाकांत और संतराम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चाचा शिवरतन की स्थिति सामान्य बताकर डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया, परिजन उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। घायलों में राजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। जगदीश, राममूर्ति, दीपू, सुनीता, अंकित और काजल मामूली रूप से जख्मी हुए हैं।
घर में था बहू का इंतजार, आया हादसे का समाचार
तीन मई को ही राजेश और सुनीता की शादी हुई थी। चौथी की विदाई के बाद सभी को बहू के घर आने का बेसब्री से इंतजार था। परिवार के अधिकांश लोग देर रात जाग रहे थे। ढोलक की थाप पर बहू की अगवानी के लिए मंगल गीत गाए जा रहे थे, लेकिन रात 12:30 बजे हादसे की जानकारी मिली। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोई जिला अस्पताल भागा, तो कुछ लोगों ने घटनास्थल का रुख किया।
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
खैराबाद के अकबरगंज निवासी शिवाकांत उर्फ शिवा टेंपो चलाता था। उसकी और राजेश की दोस्ती भी थी। शिवाकांत के परिवार में पत्नी मीरा, ढाई वर्ष का पुत्र सुनील और डेढ़ वर्ष का पुत्र अनिकेत है। शिवा की मौत से परिजनों में कोहराम है।