नैमिषारण्य में सजा मां ललिता का दरबार। -संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर/ नैमिषारण्य। नए साल के आगमन को लेकर मठ-मंदिर फूल मालाओं से सज गए हैं। नैमिषारण्य व शहर के मंदिर में रविवार सुबह श्रद्धालु पहुंचेंगे। वह अपने परिवार की सुख समृद्धि की कामना करेंगे। इसको लेकर लोगों ने पहले से ही नव वर्ष की प्लानिंग तय कर ली है।
रविवार को नए साल 2023 का आगाज हो रहा है। इस दिन तमाम लोग मठ-मंदिरों में पहुंचकर परिवार की सुख समृद्धि के कल्याण की कामना करेंगे। इसको लेकर शनिवार को मंदिरों में तैयारियां होती रही। शहर के श्यामनाथ मंदिर, पुलिस लाइन स्थित जंगलीनाथ मंदिर, माता संतोषी मंदिर में तैयारियां होती रही। नैमिषारण्य के ललिता देवी मंदिर सहित नैमिष के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालु शीश नवाजेंगे।
ललिता देवी मंदिर के पुजारी गोपाल शास्त्री ने बताया कि मंदिर के गर्भगृह को फूलों से सजाया जा रहा है। मंदिर में सुबह आठ बजे माता की आरती की जाएगी। मंदिर प्रबंधन द्वारा इसकी तैयारियां की गई है। हनुमान गढ़ी महंत बजरंग दास ने बताया कि अंग्रेजी नव वर्ष के पहले दिन मंदिर परिसर को फूलों और गुब्बारों से सजाया जाएगा। श्री हनुमान जी का शृंगार कर पूजन कर साधु, संत, ब्राह्मणों को भोजन कराया जाएगा।
चक्रतीर्थ पर सनातन ऋषि महाआरती सेवा समिति द्वारा तीर्थ पर भव्य दीपोत्सव किया जाएगा। इस दिन भारी भीड़ उमड़ने की आशंका है, जिसको लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।