धूप से बचने के लिए सिर से दुपट्टा ढककर जाती महिला।
सीतापुर। मौसम में किसी प्रकार का बदलाव न होने से गर्मी का सितम जारी है। जिले में सोमवार को अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसमें तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, रविवार को तापमान 39 डिग्री था। अचानक तापमान बढ़ने व गर्मी व उमस से लोग बेहाल हो उठे। धूप की तपिश शरीर को और झुलसाने लगी, लू के थपेड़ों से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय सड़कें सूनी हो गईं। इस सप्ताह पारा 44 के पार होने के आसार बताए जा रहे हैं। सोमवार को दिन की शुरुआत तीखी धूप से हुई। सुबह नौ बजे से ही चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान करने लगी। घरों व दफ्तरों में पंखे-कूलर उमस भरी गर्मी से राहत देने में नाकाम साबित होने लगे। दिनभर लोग पसीने से तरबतर रहे। शहर की आमतौर पर गुलजार रहने वाली सड़कें दोपहर से पहले ही सूनी हो गईं। बहुत जरूरी काम से ही लोग लोग घरों से निकले। गमछा व कपड़े से सिर को ढककर धूप व लू से बचाव करते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस सप्ताह पारा 44 के पार पहुंचने से गर्मी के तेवर और तल्ख होने के आसार हैं।