सीतापुर। चिप न होने से जिला अस्पताल में लगा हेल्थ एटीएम कुछ ही दिनों में हांफने लगा है। एटीएम से शुगर व हीमोग्लोबिन की जांच ठप हैं। इससे रोजाना 30 मरीज लौट रहे हैं। मरीजों की सुविधा के लिए जिला अस्पताल परिसर में दो माह पहले एक हेल्थ एटीएम लगाया था।
इस एटीएम से 20 से अधिक बीमारियों की एक साथ जांच हो जाती है। जांच रिपोर्ट भी 15 मिनट के भीतर मिल जाती है। अब पिछले चार दिन से एटीएम से शुगर व हीमोग्लोबिन की जांच ठप है। लैब टेक्नीशियन अजय वर्मा ने बताया मशीन से जांच के लिए एक चिप लगाई जाती है। एक अप्रैल के बाद से चिप नहीं मिली है। इस कारण ये दोनों जांचें ठप हैं। अन्य जांचें हो रही हैं। बताया कि चिप न होने की जानकारी सीएमएस को दी जा चुकी है।
12 बजे ही उठकर चले गए चिकित्सक
जिला अस्पताल की ओपीडी में दो बजे तक चिकित्सकों के बैठने का समय निर्धारित है। इसके बावजूद चिकित्सक समय से पहले ही अपनी कुर्सी से गायब हो जाते हैं। परसेंडी से आए सर्वेश ने बताया कि दांत में दिक्कत थी। सीएचसी पर कोई चिकित्सक नहीं मिला तो 12 बजे जिला अस्पताल आ गया। यहां पर भी चिकित्सक नहीं मिले तो बिना इलाज ही लौटना पड़ा। इसी तरह हड्डी रोग विभाग व फिजीशियन कक्ष में भी 12.15 बजे चिकित्सकों की कुर्सी खाली रही। मरीज चिकित्सकों का इंतजार करते रहे।
12 बजे अल्ट्रासाउंड जांच ठप
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच व्यवस्था अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ती जा रही है। डीएम ने करीब एक माह पहले निरीक्षण किया था। उस दौरान सीएमएस को हिदायत दी थी कि दो चिकित्सक हैं इसलिए जांच बंद नहीं होनी चाहिए, लेकिन गुरुवार को इसका असर कहीं नहीं दिखा। चिकित्सक सुबह एक घंटे जांच करने के बाद बिना बताए निकल गए। 12.30 बजे कई मरीज इंतजार करते मिले। रमेश ने बताया एक घंटे से इंतजार कर रहा हूं। पेट दर्द हो रहा है। दो बजे के बाद केंद्र बंद हो जाएगा। ऐसे में रमेश ने प्राइवेट में अपनी जांच करवाई।
ओपीडी में बुखार व खांसी के बढ़े मरीज
जिला अस्पताल की ओपीडी में गुरुवार को मरीजों की भारी भीड़ नजर आई। करीब ढाई हजार मरीज ओपीडी मेंप हुंचे। सीएमएस ने बताया इस समय अधिकतर मरीज बुखार व खांसी के आ रहे है। बच्चों में डायरिया की शिकायत हो रही है। इसके कारण मरीजों की दवा व जांच काउंटर पर लंबी-लंबी लाइनें दिखाई दी। एक मरीज को दवा लेने में ही 20-25 मिनट का समय लग गया।