महमूदाबाद (सीतापुर)। पूर्वी वार्ड मोहल्ले का एक छात्र संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार को लापता हो गया। पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस व परिजन लापता छात्र की तलाश में जुटे हैं।
पूर्वी वार्ड निवासी मो. समीर (17) बृहस्पतिवार को कंप्यूटर की छूटी परीक्षा के बारे में जानकारी लेने स्कूल गया था। समीर के पिता महबूब आलम ने बताया कि साथ में उसका एक दोस्त फरहान भी स्कूल गया था। स्कूल में अध्यापक ने बताया था कि कंप्यूटर का पेपर बुधवार को ही हो चुका है। समीर काफी देर तक जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस को तहरीर दे दी है। सीओ दिनेश शुक्ला ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
20 फरवरी को भी लापता हुआ था एक छात्र
कोतवाली क्षेत्र के मोतीपुर चौराहे पर किराये पर रहने वाले शिक्षक सुनील कुमार का पुत्र सुधाकर (12) 20 फरवरी को गायब हुआ था। बाद में पुलिस ने उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था।
महमूदाबाद पुलिस की रडार पर व्हाट्सएप ग्रुप 4152
20 फरवरी को लापता छात्र सुधाकर की मौत के बाद से ही एक व्हाट्सएप ग्रुप 4152 कोतवाली पुलिस की रडार पर आ गया है। पुलिस इस ग्रुप के सदस्यों के साथ फॉलोवर्स का ब्योरा भी खंगाल रही है। पुलिस इस एंगल पर भी पड़ताल कर रही है कि इस ग्रुप से लापता छात्र या उसके किसी दोस्त का संबंध तो नहीं है। यह ग्रुप क्षेत्र में छोटे-छोटे झगड़ों में वर्चस्व दिखाने के लिए बनाया गया था। व्हाट्सएप ग्रुप बीते करीब एक वर्ष से सक्रिय था। हालांकि सुधाकर ही हत्या के बाद से ग्रुप को कई लोगों ने छोड़ दिया था। यह ग्रुप पुलिस रडार पर आ गया।