लहरपुर (सीतापुर)। हरगांव थानाक्षेत्र की ककराही चौकी पुलिस ने कार चालक का चालान बिना हेलमेट के वाहन चलाने में कर दिया। कार स्वामी के मोबाइल पर इसका मैसेज पहुंचा तो वह हैरान रह गया। दरअसल, लहरपुर में ब्लॉक कार्यालय के निकट रहने वाले अजय जायसवाल विगत 30 नवंबर को अपनी कार से बड़ागांव रिश्तेदारी में गए थे। वापस आते समय ककराही चौकी के अंतर्गत पुलिस की ओर से चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान में उन्हें रोक लिया गया। अजय के मुताबिक वाहन के सभी कागज पुलिस कर्मियों को दिखाए। सब कुछ सही होने पर पुलिस वालों ने उनसे जाने को कहा। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक मैसेज भेजा गया, जिसमें बाइक चलाते समय हेलमेट न लगाने पर एक हजार रुपये का चालान किए जाने की जानकारी दी गई थी। खास बात यह है कि चालानी दस्तावेज पर कार की फोटो व नंबर है और वाहन के प्रारूप के समक्ष मोटर कार अंकित है। इसके बाद भी चालान का कारण बिना हेलमेट के बाइक चलाना दिखाया गया है।वाहन स्वामी अजय इस अजब-गजब चालान को लेकर परेशान हैं।