सीतापुर। साहब... मरघट की जमीन पर बाबूपुर गांव के कई लोगों ने कब्जा कर लिया है। महमूदाबाद निवासी अब्दुल सलाम ने यह शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जनसुनवाई कर रहे डीएम व एसपी से की। इस पर जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने जांच कराकर कब्जा हटवाने व कब्जेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम अभिषेक आनंद ने फरियादियाें की समस्याएं सुनीं। उनके शीघ्र गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा प्रदेश परिषद सदस्य अंबरीश गुप्ता ने महमूदाबाद नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की।
बताया कि वार्ड इंदौरा में करीब एक करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से बन रहे गोशाला निर्माण की बाउंड्रीवॉल में पीले ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने एसपी चक्रेश मिश्रा को शिकायत पत्र देकर बताया कि एक अगस्त को उपकेंद्र पैंतेपुर में करीब 120 अराजक तत्वों ने बाउंड्रीवॉल से अंदर कूदकर नियंत्रण कक्ष का दरवाजा तोड़ डाला। उपकेंद्र संचालक से मारपीट कर सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए। सरकारी संपत्ति को भी क्षति पहुंचाई गई।
सप्लाई बाधित की, जिससे कर्मचारियों में रोष है। मामले की जांच कर अराजक तत्वों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए। इस दौरान संपूर्ण समाधान दिवस में 103 फरियादियों ने समस्याएं बताईं। राजस्व विभाग की दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। इसके बाद डीएम और एसपी ने नीम व पकरिया के पौधे लगाए। सभी तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में 495 शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्या दर्ज कराईं। इनमें से 47 का निस्तारण किया गया।
पिंक बूथ का किया शुभारंभ
संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद जिलाधिकारी अभिषेक आनंद व पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने महमूदाबाद के श्री संकटा देवी मंदिर में बने पिंक बूथ का लोकार्पण किया।
एक साल से नहीं हो रहा समस्या का समाधान
लहरपुर के रुखारा गांव की राजकुमारी ने आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष से चकमार्ग पर लगे शीशम के पेड़ों का नहीं कटवाया जा रहा है। बताया कि चकमार्ग पर लगे पेड़ों के कारण उसे व अन्य किसानों को भी खेतों पर जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। राजकुमारी ने उपजिलाधिकारी से समस्या के समाधान करने की मांग की है।
जब जनसुनवाई के दौरान हुई मारपीट
महोली तहसील के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी कुसुम त्रिवेदी ने बताया कि उसका मायका कोतवाली महोली क्षेत्र के फरीदपुर गांव में है। वहां इन्होंने मकान बनवाया है, जिस पर भाई आदित्य ने कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत सीडीओ निधि बंसल से करने आई थी। तहसील गेट पर भाई ने अपने साथियों के साथ पिटाई कर दी। इस दौरान सीडीओ जनसमस्याएं सुन रही थीं। कुसुम ने सीडीओ को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। सीडीओ ने कार्रवाई के निर्देश दिए।