सीतापुर। भूमाफिया रमन साहनी के करीबी के जमीन पर बने मदर्स प्राइड स्कूल को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है। अब इस स्कूल का संचालन सदर तहसीलदार करेंगे। इससे स्कूल तो बंद नहीं होगा, लेकिन इसका संचालन अब प्रशासन के हाथों में रहेगा। इसके अलावा पुलिस ने माफिया की करीब साढ़े दस करोड़ की संपत्ति जब्त की है।
शनिवार को पुलिस प्रशासन की टीम ने अभियान चलाते हुए 18 लक्ष्मी मार्केट शहर कोतवाली निवासी रमन साहनी की आपराधिक कृत्यों से कमाई गई नौ जमीनों को जब्त किया है। जिसकी कुल कीमत करीब दस करोड़ पचास लाख आंकी जा रही है।
सीओ सिटी पियूष कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश पर शातिर अपराधी, जालसाज, भूमाफिया और गैंगेस्टर के आरोपी रमन साहनी पर यह कार्रवाई की गई है। दूसरों की जमीन पर कब्जा कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन की हेराफेरी करके अर्जित की गई नौ जमीनों को गैंगेस्टर एक्ट 6 के तहत सीज किया गया।
आरोपी के खिलाफ शहर कोतवाली में करीब डेढ़ दर्जन केस दर्ज हैं। जब्त की गई संपत्ति के एक गाटा संख्या पर मदर्स प्राइड स्कूल भी बना हुआ है। जिसको प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है। प्ले ग्रुप से कक्षा आठ तक चलने वाले इस स्कूल में करीब 600 बच्चे पढ़ रहे हैं। स्कूल का सभी रखरखाव तहसीलदार सदर करेंगे।
नियमानुसार होगी सभी कार्रवाई
तहसीलदार ज्ञानेंद्र ने बताया कि शासन की मंशा ऐसी नहीं है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाए। पहली बार ऐसा मामला सामने आया है । डीआईओएस से बात करने के बाद विद्यालय संचालन को लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।