फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: संन्यासियों का किया पूजन, बिखरी अलौकिक छटा

Sun, 24 Mar 2024 01:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मिश्रिख (सीतापुर)। महर्षि दधीचि की नगरी मिश्रिख में पंचकोसी परिक्रमा के दौरान शनिवार को आस्था की अलौकिक छटा बिखरी। रामधुन पर पौराणिक तीर्थनगरी झूम उठी। भक्ति के बिखरे अनगिनत रंगों से तपोभूमि राममय हो गई। हर वर्ष की भांति तीर्थराज अर्चना समिति ने दधीचि कुंड पर संन्यासियों का पूजन-अर्चन किया। वहीं, सांझ ढलते ही कीर्तन-भजन शुरू हो गया।
विज्ञापन



84 कोसी परिक्रमा के मिश्रिख पहुंचने पर वृहस्पतिवार से पंचकोसीय परिक्रमा की शुरुआत साधु-संतों और परिक्रमार्थियों ने की थी। पंचकोसी परिक्रमा पथ पर शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। राम नाम संकीर्तन करते हुए पंचकोसी परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं का हुजूम तीर्थनगरी में आस्था की अनूठी छटा बिखेर रहा था। ऐसा प्रतीत हुआ कि रामधुन पर मानों महर्षि दधीचि की नगरी झूम उठी हो।


इसी क्रम में फाल्गुन मास की त्रयोदशी को परंपरा के अनुसार दधीचि कुंड पर तीर्थराज अर्चना समिति के पुरोहित राहुल शर्मा उर्फ गोपाल कृष्ण ने संन्यासियों का पूजन कराया। रामनरेश शुक्ला, हनुमान प्रसाद अवस्थी, अशोक कुमार मिश्रा, डॉ. रंजीत दीक्षित समेत तमाम लोगों ने संन्यासियों का चंदन-वंदन किया। अंगवस्त्र के साथ फल, मेवा, मिष्ठान आदि दक्षिणा स्वरूप भेंट किया। यहां राजेश्वर आश्रम, संतोष आश्रम, विभाकरानन्द आश्रम, सत्तानंद आश्रम, गिरिजा आश्रम आदि के महंत उपस्थित रहे।
विज्ञापन



उधर, करीब दो से तीन घंटे में पंचकोसी परिक्रमा के बाद रामादल वापस अपने पंडालों व डेराें में पहुंच गया। शाम होते ही परिक्रमार्थी, जिसमें महिला, पुरुष से लेकर बच्चों तक कीर्तन-भजन में जुट गए। शाम से शुरू हुआ कीर्तन-भजन का कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। जगह-जगह हो रहे भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय दिखा। भक्तिभाव का अनूठा संगम देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो दधीचि की इस धरा पर साक्षात देवता उतर आए हों। यहां पर रविवार को भी आस्था के ऐसे ही अद्भुत रंग देखने को मिलेंगे। रविवार को पंचकोसी परिक्रमा व होलिका दहन के बाद श्रद्धालु अपने घरों को लौट जाएंगे।





श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
पंचकोसी परिक्रमा कर रहे साधु-संतों व श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पंडाल लगाकर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय मजदूर किसान संगठन की ओर से परिक्रमा मार्ग पर रेलवे स्टेशन के पीछे भंडारे का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सचिव रणजीत सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष अवध बिहारी मिश्र व राष्ट्रीय प्रवक्ता, जिलाध्यक्ष धीरज सिंह ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें