सीतापुर में एक गेस्ट हाउस में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि सपा से मुक्ति के लिए चुनावी यज्ञ में हर किसी को आहुति देनी चाहिए। निकाय चुनाव लोकसभा चुनाव का आगाज है। सपा अब समाप्तवादी पार्टी हो चुकी है। विधानसभा चुनाव में साइकिल पंचर हो गई थी और रही सही कसर निकाय चुनाव में पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास को रफ्तार देने के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है।
शहर के लोहारबाग में स्थित एक गेस्ट हाउस परिसर में भाजपा प्रत्याशी नेहा अवस्थी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से मिली ताकत से जो विकास हुआ है, वह महज झांकी है। पूरा विकास होना अभी बाकी है और इसके लिए नगर पालिका में भाजपा की सरकार चाहिए। देश में मोदी और प्रदेश में योगी की सरकार न होती तो विकास महज कागजों में दिखता। अब डबल इंजन की सरकार से काम नहीं चलेगा। ट्रिपल इंजन की सरकार चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले का माहौल तो याद ही होगा। सूबे में बिजली से लेकर अन्य योजनाओं का लाभ कुछ जिलों और कुछ वर्ग तक सीमित था लेकिन भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों ने सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर कार्य किया। बिना भेदभाव के सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र को दिया गया। जनसभा को सांसद राजेश वर्मा, विधायक ज्ञान तिवारी, एमएलसी पवन सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री विश्राम सागर राठौर ने किया।