महमूदाबाद (सीतापुर)। बारिश ने नगर के प्रमुख मार्गों की सूरत बिगाड़ दी है। हालत यह है कि कई सड़कें पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो गईं हैं। कुछ सड़कों की ऊपरी परत उखड़ने से इन पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
बारिश होने पर सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। ऐसे में राहगीरों को गड्ढे नजर नहीं आते और वाहन उनमें फंस जाते हैं। वाहन तो क्षतिग्रस्त होते ही हैं हादसे का खतरा भी बना रहता है। नगर के चिकमंडी मार्ग से मोतीपुर, रामकुंड चौराहे से अमीरगंज, सिधौली मार्ग से शेरापुर, सिधौली मार्ग से बेहटा छावनी, सिधौली मार्ग से चीनी मिल, नूरपुर चौराहे से नूरपुर, कुरैशी मार्ग से बीबीपुर सहित कई प्रमुख मार्ग बदहाल हैं।
शेरापुर निवासी हंसराज वर्मा, उमाशंकर वर्मा, अनुप वर्मा, राम प्रसाद, राजकुमार, वीरेंद्र रावत, राहुल आदि ने बताया कि हमारे वार्ड की सड़क कई वर्षों से खराब है। सड़क उखड़ने से नुकीले पत्थर बिखरे पड़े हैं, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़कें खस्ताहाल होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों व महिलाओं को उठानी पड़ती है।
खोदकर डाल दी गई पुलिया बनी समस्या
नगर के चिकमंडी मार्ग से मोतीपुर जाने वाली मार्ग पर एक निजी विद्यालय के पास पुलिया का निर्माण चल रहा है। ठेकेदार ने आठ दिन पूर्व इस जगह पर खोद कर डाल दिया। इसके बाद निर्माण ठप है। अमर सिंह वर्मा, गुड्डू, ओमप्रकाश, सुशील कुमार, बाबूराम, विशुनकुमार, अशोक कुमार आदि बताते हैं कि खोदी गई गहरी पुलिया में काफी पानी भरा हुआ है। इस मार्ग से आवागमन करने वाले स्कूली छात्र, कांवड़िया व राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र दुबे ने बताया की इस्टीमेट बना दिया गया है। टेंडर होने के बाद सड़कों का काम शुरू होगा।
ठेकेदार को जारी किया जाएगा नोटिस
बरसात के बाद पूरे नगर की सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। मोतीपुर मार्ग पर खुदी हुई पुलिया में नगर पालिका ठेकेदार की लापरवाही के चलते समस्या उत्पन्न हुई है, संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाएगा।