संदना/सीतापुर। मिश्रिख सांसद अशोक कुमार रावत ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा कर्तव्य है। आज इस सड़क के चौड़ीकरण व उच्चीकरण से हजारों राहगीरों का सफर आसान होगा। ये सड़क 40 गांवों के ग्रामीणों का ब्लॉक, थाना व तहसील आदि के लिए आवागमन भी सुगम बनाएगी। सांसद मंगलवार को शंकरपुर में सड़क का लोकार्पण करने के बाद ग्रामीणों से मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि अब यहां से कमलापुर जाने का रास्ता भी आसान हो गया है। सांसद ने बताया कि इस रोड का निर्माण एफडीआर विधि से कराया गया है। कोई भी गड़बड़ी होने पर ठेकेदार को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिधौली-मिश्रिख मार्ग से मानपुर तक जाने वाली सड़क के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे मिश्रिख विधायक रामकृष्ण भार्गव ने कहा कि भाजपा सरकार में पात्रों को सभी योजनाओं का लाभ दिया जाता है।
इस मौके पर मिश्रिख एसडीएम अनिल कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गोंदलामऊ मुनीन्द्र अवस्थी, शैलेंद्र कुमार मिश्र, जेई सुनील कुमार, गोंदलामऊ सीएचसी अधीक्षक डॉ. धीरज मिश्रा, जगजीवन मिश्रा, भास्कर मिश्रा, विमल सिंह आदि मौजूद थे।