फलाहारी बाबा ने जाम किया रास्ता - संवाद
सांडा। विकासखंड सकरन की ग्राम पंचायत किरतापुर में शुक्रवार को फलाहारी बाबा के नेतृत्व में सांडा किरतापुर मार्ग जाम कर धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि किरतापुर स्थित गोशाला परिसर में बने श्रीराम-जानकी मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। परिसर में गंदगी फैली है। प्रदर्शनकारियों ने मंदिर का प्रवेशद्वार खुलवाने व परिसर की उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। सूचना मिलते ही तहसीलदार बिसवां व एसओ सकरन प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उनकी मांगों पर कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। इस पर धरना समाप्त कर दिया गया। धरने के समर्थन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस दौरान मोलहे राम, शिवम मिश्र, श्याम सिंह बजरंगी, श्याम जी शुक्ल, राधारमण शुक्ल, नीरज तिवारी, सचिन सक्सेना आदि उपस्थित रहे। (संवाद)