सीतापुर। जिले की 11 न्याय पंचायतों में साधन सहकारी समितियों का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए समितियों के पंजीकरण का कार्य चल रहा है। समिति का निर्माण होने से संबंधित न्याय पंचायतों की ग्राम सभाओं के किसानों को खाद और बीज के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। उन्हें स्थानीय स्तर पर ही इसकी सुलभता होगी।जिला सहायक निबंधक सहकारी समिति की ओर से किसानों की सुविधा के लिए 15 साधन सहकारी समितियों का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित था। इसके सापेक्ष न्याय पंचायत धरैंचा, अमीरनगर, उमरीशादीपुर समेत चार में समितियां बन गई हैं। 11 समितियों के निर्माण के संबंध में शासन के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। न्याय पंचायतवार बनने वाली समितियों के पंजीकरण का कार्य किया जा रहा है। एक समिति में खाद-बीज के भंडारण के लिए सौ एमटी का गोदाम बनेगा। साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष व सचिव के दफ्तर संग बरामदे का भी निर्माण कराया जाएगा। अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए संंबंधित ग्राम पंचायत की ओर से कार्य कराए जाएंगे। इस संबंध में सहायक जिला निबंधक सहकारिता नवीन चंद्र शुक्ला ने बताया 15 समितियों के सापेक्ष चार न्याय पंचायतों में कार्य पूरा हो गया है। शेष समितियों के निर्माण संबंधी कार्रवाई की जा रही है।