सीतापुर। नगरपालिका सीतापुर से व्यवस्थाओं को हाईटेक बनाया जाएगा। इसके तहत शहर के करीब 27 हजार घरों का रिकार्ड ऑन लाइन दर्ज होगा। इसके आधार पर ही हाउस टैक्स की ऑनलाइन वसूली होगी। इसके साथ ही शहर में पहला विद्युत शवदाह गृह बनवाने के साथ ही अमृत सरोवर सहित कूड़ा निस्तारण के बेहतर प्रबंध भी किए जाएंगे। इसके लिए नगरपालिका ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए एक अरब 16 करोड़ का भारी भरकम बजट मंगलवार को ध्वनिमत के साथ पारित किया।
पालिका परिसर में हुई बोर्ड बैठक में अध्यक्ष नेहा अवस्थी ने 1.16 अरब की राशि के आय व्यय का लेखाजोखा प्रस्तुत किया। चर्चा के बाद सभासदों ने इस पर अपनी सहमति जताते हुए पारित कर दिया। बजट प्रावधानों के तहत शहर के सभी घरों का जीओ टैग करके उनका ऑनलाइन रिकार्ड बनाया जाएगा। इसके साथ ही शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था का भी आधुनिकीकरण होगा। इसके तहत डोर टू डोर कलेक्शन को बढ़ावा देने के साथ ही डेडिकेटेट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना से इसके संचालन को भी बेहतर बनाया जाएगा।
इसके साथ ही शहर में संचालित एमआरएफ सेंटर की संख्या को भी बढ़ा कर सूखा व गीला कूड़ा का अलग-अलग ढंग से निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा बजट राशि का एक बड़ा हिस्सा पार्कों व चौराहों के सौंदर्यीकरण, सड़क दुरुस्त बनवाने, कान्हा गौशाला, जलापूर्ति, शौचालय, नई मशीनों की खरीद व मरम्मत के साथ ही नाला सफाई सहित अन्य कार्यों पर भी खर्च होगा। बैठक में ईओ वैभव त्रिपाठी के साथ ही कार्यालय अध्यक्ष प्रतिनिधि नमींद्र अवस्थी, कार्यालय अधीक्षक महेश गुप्ता, लेखाकार विकास कपूर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एजेंडा न मिलने पर दर्ज कराई आपत्ति
बोर्ड बैठक शुरु होने से पहले ही सभासदों को एजेंडा दिया गया। इस पर कुछ सभासदों ने ईओ से यह कहते हुए आपत्ति दर्ज कराई कि बैठक का एजेंडा नियमानुसार एक सप्ताह पहले मिलना चाहिए। बैठक में मौजूद कई सभासदों ने हाउस टैक्स व किरायेदारी कम करने का मुद्दा भी उठाया। एक सभासद ने शिकायत दर्ज कराई की पालिका के अफसर व कर्मचारी सभासदों की कॉल तक नहीं उठाते हैं। ईओ ने इन शिकायतों को संज्ञान में लेकर व्यवस्था बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया।
बिना खर्च रह गया 28 करोड़ का बजट
नगरपालिका में इस समय केंद्र व राज्य सरकार से मिलने वाली विभिन्न मदों में करीब 28 करोड़ का बजट बिना खर्च के रह गया है। इसमें पांच करोड़ से बनने वाले दो अमृत सरोवर का बजट भी शामिल है। बोर्ड बैठक के बाद अब बजट राशि को एक कार्ययोजना बनाकर खर्च किया जाएगा।
टैक्स में दोगुनी आय बढ़ाने का बनाया प्लान
नगरपालिका ने पिछले साल गृहकर के रूप में करीब 3.50 करोड़ रुपये वसूले है। इस साल इस बजट को दो गुना से अधिक बढ़ाकर सात करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसी तरह जलकर के रूप में वसूले गए 2.26 करोड़ रुपये के इतर इस बार चार करोड़ रुपये की टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया गया है। होर्डिग्स से नगरपालिका को जहां पिछले वर्ष 89 लाख की आय प्राप्त हुई थी। इस बार इसे बढ़ाकर करीब दो करोड़ रुपये रखा गया है। नगरपालिका की सुविधा लेने पर यूजर चार्जेस के रूप में 4.36 लाख को बढ़ाकर भी आठ लाख रुपये वसूलने का लक्ष्य रखा गया है।