सकरन (सीतापुर)। लखनियापुर में कोटे के चुनाव का प्रस्ताव बीडीओ ने वापस मंगवा लिया है। तकनीकी कमियों के चलते चुनाव निरस्त हो सकता है। दरअसल, लखनियापुर में कोटे की दुकान का आंवटन होना है। कोटे के चयन के लिए विगत 16 मई को गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में खुली बैठक हुई थी, जिसमें दो प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना में राहुल को 555 तथा प्रतिद्वंद्वी रामनाथ को 541 मत प्राप्त हुए थे। बैठक में नामित चुनाव अधिकारी एडीओ पंचायत दिनेश यादव व एडीओ आईएसबी सचिव अरुण वर्मा ने राहुल को 14 वोटों से विजयी घोषित कर प्रस्ताव लिख दिया था। इसके बाद खंड विकास अधिकारी ने कोटा चयन प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव तहसील लहरपुर भेज दिया था। प्रधान पैकरमा मौर्य ने विभागीय अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी गैर मौजूदगी में प्रस्ताव लिखा गया है, जिस पर प्रधान की मुहर व हस्ताक्षर नहीं है। वोटों की गिनती के दौरान आधार कार्ड का मिलान नहीं किया गया। प्रधान की शिकायत पर विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। इस पर खंड विकास अधिकारी ने तहसील भेजा गया प्रस्ताव वापस मंगा लिया है। बीडीओ श्रीश गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश व तकनीकी खामियों के चलते प्रस्ताव वापस मंगाया गया है। जांच में यदि कमी पाई गई तो प्रस्ताव निरस्त किया जाएगा। (संवाद)