सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश है। इस दौरान प्रधानाध्यापकों के रिक्त पद भरे जाएंगे। इसको लेकर वरिष्ठता सूची तैयार की जा रही है। बेसिक शिक्षा विभाग के मुताबिक जिन विद्यालयों में 150 से अधिक छात्र संख्या है, वहां पर स्थाई हेडमास्टर की नियुक्ति की जानी है। इसके अलावा 150 से कम छात्र संख्या पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक को प्रभार दिया जाएगा। इसके लिए जिले में दो चरणों में वरिष्ठता सूची तैयार की जा रही है। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक व प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापकों वरिष्ठता सूची बन रही है। यह पद प्रमोशन के जरिये भरे जाएंगे। ऐसे जूनियर विद्यालय जहां पर 100 से अधिक छात्र संख्या है और स्थाई हेडमास्टर नहीं है, वहां पर प्रमोशन के जरिये पद भर दिया जाएगा। अगर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक चार्ज लेने से मना करते है तो विद्यालय के उनसे जूनियर शिक्षक को चार्ज दिया जाएगा। 15 जनवरी तक यह कवायद पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि वरिष्ठता सूची तैयार हो जाने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।