सीतापुर। दो दिन से रूक-रूककर हो रही बारिश से जिले की बिजली व्यवस्था शनिवार को लड़खड़ाई नजर आई। शनिवार को शहर सहित ग्रामीण इलाकों में ट्रिपिंग व अघोषित कटौती हुई। इसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में भवानीपुर फीडर से जुड़े मोहल्लों में बिजली की ट्रिपिंग दिनभर चलती रही। शुक्रवार रात कांशीराम कॉलोनी में तीन घंटे की कटौती हुई। इसी तरह विकास नगर, खूबपुर, भार्गव कॉलोनी सहित अन्य मोहल्लों में कटौती का सिलसिला चलता रहा।
इसके अलावा पुराने सीतापुर इलाके में भी कई बार बिजली गुल रही। विद्युत उपकेंद्र बंभनावा रेउसा से जुड़े करीब 50 गांवों में शनिवार भोर चार बजे से बिजली गुल है। जिम्मेदार अफसर लाइन में फॉल्ट होने की बात कह रहे है। इसके चलते सेवता, भिठौली, खुरवालिया, खरोहा, मंगलपुरवा, सुपौली, पुरैनी, गुड़रुवा सहित अन्य गांवों के लोग बेहद परेशान है। देर शाम तक यहां पर आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि बारिश की वजह से कई जगहों पर दिक्कतें आई है। इन दिक्कतों को दुरूस्त करने का काम चल रहा है।