सीतापुर। 220 केवी उपकेंद्र, हुसैनगंज में कई दिनों से टल रहा अनुरक्षण कार्य शनिवार को पूरा हुआ। इसके चलते शहर में दो शिफ्टों में बिजली की कटौती हुई। करीब तीन घंटे तक लगातार बिजली गुल होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसका असर शहर व खैराबाद इलाके में पड़ा।
हुसैनगंज उपकेंद्र में अनुरक्षण का कार्य शुक्रवार को होना था, लेकिन मुख्य सचिव के भ्रमण के चलते यह कार्यक्रम निरस्त हो गया था। शनिवार सुबह आठ बजे से मरम्मत का काम शुरू हुआ। करीब 11 बजे तक बिजली गुल रही। इसके कारण नैपालापुर, आदर्शनगर, सुदामापुरी, प्रेमनगर सहित अन्य इलाकों में सप्लाई बाधित रही। इसी तरह सुबह 11 से दोपहर तीन बजे के बीच पुराना सीतापुर, खूबपुर, विकासनगर आदि इलाकों में बिजली न आने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ी।
कारोबारी बिजली आने का इंतजार करते रहे। घरों में लगे इन्वर्टर डिस्चार्ज होने की कगार पर पहुंच गए थे। उसके बाद बिजली आपूर्ति शुरु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया मरम्मत के चलते शटडाउन लिया गया था। संवाद