-कई नामजद सभासद और अन्य लोगों समेत 150 अज्ञात के खिलाफ दी गई तहरीर
सीतापुर। शहर के मोहल्ला बंगला चौबे टोला में जांच करने गई बिजली विभाग की टीम के साथ कई सभासद सहित दर्जन लोगों ने मारपीट की। साथ ही बिजली चोरी रोकने का विरोध करते हुए धमकी भी दी। लोगों के बीच फंसी टीम को जान बचा कर भागना पड़ा। पुलिस को सूचना तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के बाद आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। बिजली विभाग के अवर अभियंता मोहम्मद राशिद खान, लाइन मैन प्रेम लाल, संविदा कर्मी रमाकांत व कर्मचारी राकेश मौर्य के साथ मंगलवार की शाम शहर के मोहल्ला चौबे टोला बंगला क्षेत्र में बिजली लाइन चेक करने गए थे। इस दौरान बिजली विभाग की टीम ने यहां के निवासी इकबाल फोटोग्राफर व मोहम्मद यासीन के वहां जांच की। जांच के दौरान इन दोनों घरों में बिजली चोरी का मामला सामने आया। जिसका बिजली विभाग की टीम ने कनेक्शन काटते हुए वीडियो बना लिया। इस पर उन लोगों ने विरोध किया और क्षेत्र के कई सभासद सहित दर्जनों लोगों को एकत्र कर हंगामा करने लगे। हंगामा करते हुए इन लोगों ने न सिर्फ बिजली विभाग की टीम के लोगों के मोबाइल छीन लिए गए, बल्कि कारवाई की बनाई गई वीडियो भी डिलीट कर दी। जब टीम ने इसका विरोध किया तो उस पर हमला कर दिया गया। हमले में विद्युत कर्मियों को चोटें भी आईं। विद्युत कर्मी बमुश्किल जान बचा कर भाग निकले। इस मामले में बिजली विभाग की टीम की ओर से शहर कोतवाली में तहरीर दी गई है। आरोप है कि हमले में सभासद मोहम्मद सलीम उर्फ अड्डू, नबी अहमद उर्फ मोल्हे, मसूद आलम अंसारी व भुट्टो के साथ ही इकबाल सहित दर्जनों लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। टीम का आरोप है कि इस दौरान सभासद मोल्हे ने खुद के कपड़े फाड़ते हुए टीम को झूठे मामले में फंसा देने की धमकी दी। इस सिलसिले में उक्त सभासदो के अलावा इकबाल व यासीन सहित 100 से 150 अज्ञात लोगों खिलाफ तहरीर दी गई है। इस बारे में इंस्पेक्टर टीपी सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।