सीतापुर। हरगांव में दंपती की हत्या से क्षेत्र में तनाव है। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस कहीं पूछताछ न करें, इस वजह से लोग घरों में कैद हैं। ग्रामीणों की मानों तो करीब चार साल से शौकत और युवती के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर कई बार दोनों के परिवार आमने-सामने आ चुके थे।
दूसरी बार जब युवती के परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया तो युवती के बयानों की वजह से ही शौकत बच गया। इस बात से परिजन और भी ज्यादा नाराज थे। युवती का क्षेत्र में ही विवाह हुआ था। विवाह के बाद भाग जाने से परिवार की काफी बदनामी भी हो रही थी। शौकत कोई भी काम नहीं करता था। उसके अलावा उसकी तीन बहनें हैं जो कि काफी छोटी हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। भाई के कृत्यों की सजा अब इन बहनों को भी भुगतनी पड़ेगी।
माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद अब वह अनाथ हो चुकी हैं। शौकत व युवती भी अभी लापता हैं। खुलासे के लिए लगाई गई टीमें आरोपियों के रिश्तेदारों व परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। कई स्थानों पर दबिश डाली जा रही है। पुलिस के मुताबिक उनको जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव व्याप्त है। पूरे क्षेत्र में सन्नाटा छाया हुआ है। लोग अपने घरों में कैद हैं। भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया है। एसपी का कहना है कि फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।