फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: प्लाईवुड फैक्टरी पर छापा, आठ लाख जमा कराए

विज्ञापन
लहरपुर में एक प्लाईवुड फैक्ट्री पर कागजी कार्रवाई करती जीएसटी की टीम।- संवाद - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
सीतापुर। जीएसटी टीम ने रविवार को लहरपुर इलाके की एक प्लाईवुड फैक्टरी पर छापा मारा। वहां आठ लाख रुपये का टैक्स जमा कराया। इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। दुकानों के शटर बंद हो गए। छठे दिन रविवार को भी कई दुकानों के शटर बंद रहे।
विज्ञापन

लहरपुर क्षेत्र के राजापुर स्थित एक प्लाइवुड फैक्टरी पर रविवार को ज्वॉइंट कमिश्नर एसके जैन के नेतृत्व में जीएसटी की एसआईबी टीम ने छापा मारा। टीम ने यहां आठ लाख का टैक्स जमा कराया। इस कार्रवाई से घबराए व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी। खैराबाद नगर में लगातार छठे दिन ज्यादातर दुकानों में तालाबंदी रही। व्यापार मंडल खैराबाद के नगर अध्यक्ष निरंकार गुप्ता के बताया कि नगर में छोटे-बड़े लगभग एक हजार से ज्यादा दुकानदार हैं।
अनुमान के मुताबिक प्रतिदिन इन दुकानदारों का एक करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित हो रहा है। छोटे दुकानदारों के सामने तो रोजी-रोटी का संकट मंडराने लगा है। कई दुकानदार इधर-उधर से रकम उधार लेकर कारोबार कर रहे थे, लगातार दुकानें बंद रहने से उनकी सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। सिधौली में जीएसटी टीम के डर से रविवार को अधिकांश दुकानें बंद रहीं। सिधौली व्यापार मंडल के महामंत्री विजय शंकर जायसवाल ने बताया कि व्यापारियों की दुकानें बंद रहने से प्रतिदिन लगभग 5 से 10 लाख का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि विभाग को छापे के संबंध में पारदर्शी नियम बनाने चाहिए। अधिकतर व्यापारियों का जीएसटी नंबर पहले से आवंटित हैं। जिसके आधार पर व्यापार किया जा रहा है। सर्राफा एसोसिएशन महमूदाबाद के अध्यक्ष कुंवर रस्तोगी ने बताया कि जीएसटी अधिकारियों द्वारा गलत समय पर छापेमारी की जा रही है। इस समय सहालग है, ऐसे में जीएसटी की छापेमारी से व्यापारी परेशान हैं। महमूदाबाद में प्रतिदिन लगभग 60 लाख रुपये का सर्राफा कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर व्यापारियों का उत्पीड़न होता रहा तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
मुनाफाखोर सक्रिय, ग्राहक परेशान
जीएसटी टीम की छापेमारी से बाजार बंदी में मुनाफाखोर सक्रिय हो गए हैं। ग्राहकों की जरूरत का सामान महंगी दरों पर मिल रहा है। महमूदाबाद के राजेंद्र मौर्या ने बताया कि घर में बेटे की शादी है। जरूरी सामान खरीदने में काफी दिक्कत हो रही है। मृगांक वर्मा ने बताया कि मौजूदा हालातों का कुछ मुनाफाखोर व्यापारी फायदा उठा रहे हैं। सिधौली निवासी अनुराग शुक्ल ने बताया कि दुकानें बंद रहने से राशन व अन्य जरूरी चीजें लोगों को मजबूरी में महंगी खरीदनी पड़ रही हैं।
टैक्स जमा न करने वाले व्यापारियों की हो रही जांच
संयुक्त आयुक्त (प्रवर्तन) एसके जैन ने बताया कि लहरपुर क्षेत्र की एक प्लाईवुड फैक्टरी में जांच के बाद आठ लाख रुपये का टैक्स जमा कराया गया है। व्यापारियों को घबराने की जरूरत नहीं है। व्यापारी सामान्य तरीके से दुकानें खोलकर कारोबार करें। टैक्स जमा न करने वाले व्यापारियों की जांच की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर शशिधर शाही ने बताया कि जो व्यापारी सही ढंग से टैक्स नहीं जमा कर रहे हैं, उनकी जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें