सीतापुर के कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक करते प्रेक्षक इंद्रमणि त्रिपाठी।
सीतापुर। निकाय चुनाव प्रेक्षक एलडीए वीसी डाॅ. इंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव तैयारियों के संबंध में बैठक हुई। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन संबंधी सामग्री बैलेट पेपर और पर्याप्त स्टेशनरी की उपलब्धता सुनिश्चित कराएंं। पोलिंग पार्टियों को केंद्राें के लिए रवानगी करते हुए उनकी ट्रैकिंग कर पता लगाएंं। ताकि संबंधित पार्टी का अपने-अपने केंद्रों पर समय से पहुंचना सुनिश्चित किया जा सके। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार की फोटो केंद्रों पर अवश्य लगी होनी चाहिए।
प्रेक्षक डा. इंद्रमणि त्रिपाठी के कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पोलिंग एजेंट का किसी वोटर से किसी प्रकार का विवाद व झगड़ा आदि न होने पाए। उन्होंने निर्देशित किया कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार की फोटो केंद्रों पर अवश्य लगी होनी चाहिये। सभी जगह एक ही तरह के नियमों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन केन्द्रों पर मतदान ज्यादा हो रहा हो, वहां पर काम करने वाले कार्मिक की गतिशीलता कम है तो ऐसी जगहों पर दक्ष कार्मिकों को रखते हुए कार्यों में गतिशीलता प्रदान कर पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि बारिश की संभावना होने पर सुरक्षा की दृष्टि से केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में पन्नियों की व्यवस्था की जाए ताकि बैलेट बॉक्सों को भीगने से बचाया जा सके।
डीएम अनुज सिंह ने सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी को बहुत अहम बताते हुए कहा कि वे कार्यों के प्रति बहुत सजग व संवेदनशील रहें। सेक्टर अधिकारियों को सक्रिय रहना है। यदि पीठासीन अधिकारी नहीं है तो सीनियर अधिकारी सेक्टर अधिकारी को रिपोर्ट करेंगे। सेक्टर व जोनल अधिकारी का एक साथ रहना महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है। सेक्टर अधिकारी के माध्यम से कर्मचारियों को बदला जाएगा। रवानगी के दौरान बस में पोलिंग पार्टियां ही बैठेंगी। किसी भी कार्मिक के अभिभावक बस में नहीं बैठेंगे। बाइक आदि पर बैलेट बाक्स को नहीं ले जाना है, जब बस रवाना हो जाए तो इसकी सूचना आरओ को अवश्य दी जाए। एसपी घुले सुशील चन्द्रभान ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी का एक साथ चलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केन्द्रों पर स्थिति का जायजा लेने के लिए भ्रमण करते रहना चाहिए। बैठक में सीडीओ अक्षत वर्मा, एडीएम राम भरत तिवारी, एएसपी एनपी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अमृता सिंह मौजूद रहे।