ब्लॉक के सफाई कर्मियों के सुपरवाइजर को फटकार लगाते एडीएम।
सीतापुर। अपर जिलाधिकारी ने सोमवार को पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान परिक्रमा मार्ग पर गंदगी देखकर ब्लॉक के अधिकारियों के साथ सफाईकर्मियों के सुपरवाइजर को जमकर फटकार लगाई। सुपरवाइजर ने तत्काल सफाईकर्मियों को मौके पर बुलाकर साफ-सफाई करवाना शुरू कर दिया।
अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने नई बस्ती स्थित परिक्रमा पथ से अवैध अतिक्रमण को भी हटवाया। इसी तरह रेलवे स्टेशन के पास साफ-सफाई सुदृढ़ न मिलने पर वहां तत्काल सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सफाई करवाई। वे मेहंदीयापुरवा के पास मुन्ना शर्मा की बाग व यशोदा महाविद्यालय के पास बाग में पहुंचे। वहां भी साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद वे गुफ्फापुरवा में हनुमान मंदिर के पास स्थित सड़क पर पहुंचे। वहां सड़क पर गड्ढे मिले, गिट्टियां बिखरी हुई थीं। उन्होंने तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने मेला मैदान का निरीक्षण कर गड्ढों में मिट्टी डालने के निर्देश दिए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी पंकज सक्सेना, तहसीलदार सौरभ यादव, नगर पालिका ईओ लालचंद मौर्य, लेखपाल अजय पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।