कुतुबनगर (सीतापुर)। ऑपरेशन त्रिनेत्र से अब गांव की देखरेख होगी। मिश्रिख ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुतुबनगर की प्रधान ने इसकी शुरुआत की है। गांव में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इससे गांव को अपराध मुक्त करने में कामयाबी मिलेगी। साथ ही खुले में शौच की प्रवृत्ति रुकेगी।
कुतुबनगर की प्रधान गीता गुप्ता ने बताया कि गांव में अक्सर छोटी-छोटी चोरियां हो जाती थीं। कई मामलों में अक्सर विवाद बढ़ जाता था। ऐसे मामलों से निपटने के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत गांव की गलियों व चौराहे पर 12 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। प्रधान ने बताया कि योजना के तहत इन कैमरों से घर में बैठकर पूरे गांव की निगरानी की जा सकती है। यह ग्रामीणों के लिए नए वर्ष का तोहफा है। साथ ही खुल में शौच करने वालों को भी चिह्नित करने में मदद मिल रही है।
ग्रामीण विनीत गुप्ता का कहना है कि प्रधान द्वारा यह अच्छा कार्य कराया गया है। इससे अब अपराध पर रोकथाम लगेगी। ग्रामीण हिमांशु ने बताया कि ग्राम पंचायत में लगवाए गए कैमरों से आए दिन होने वाली छिटपुट घटनाओं पर रोक लगेगी। साथ ही चोरी होना भी बंद हो जाएगी। सुनीत ने बताया कि हम लोग तीसरी आंख की निगरानी के कारण अब सुकून की नींद सो सकते हैं।