कल्ली चौराहा स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक। संवाद
कल्ली चौराहा। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक कल्ली चौराहा में नकदी की कमी खाताधारकों के लिए परेशानी बनी हुई है। आलम यह है कि पूरे दिन इंतजार के बाद खाताधारक मायूस होकर लौट रहे हैं। शनिवार को 10 हजार की निकासी करने पहुंचे ग्वाली निवासी द्वारिका ने बताया तीन दिन से बैंक आ रहे हैं, लेकिन रुपया नहीं मिल पा रहा है। रौसिंगपुर निवासी रामदुलारे ने बताया उन्हें 30 हजार चाहिए थे। दो दिन से बैंक में खड़े रहने के बाद शाम को कर्मी बिना कैश के लौटा रहे हैं। डेंगरा निवासी विनोद कुमार 40 हजार रुपये निकालने, विमलेश कुमार 45 हजार, ललित कुमार 45 हजार, संतोष मिश्र 10 हजार व कल्ली निवासी बालक राम 50 हजार रुपये निकालने के लिए कई दिन से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन भुगतान नहीं मिल पा रहा है। शाखा में द्वितीय अफसर मलिक ने बताया कैश की समस्या आ रही है। अभी एक से दो हजार का कैश ही दिया जा रहा है, शाम तक कैश आने पर सभी का भुगतान कर दिया जाएगा।