सीतापुर। केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा नेताओं ने गुरुवार को उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में कीर्तिमान गढ़ रहा है। नौ साल के कार्यकाल में जनपद में विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किए गए लोगों का आंकड़ा भी पेश किया।
नवीन गल्लामंडी के पास स्थित एक रिसार्ट में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्य वक्ता मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. मोहन यादव ने कहा कि पूरे देश को 113 कलस्टर में बांटकर केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताई जा रहीं हैं। प्रत्येक कलस्टर में चार लोकसभा क्षेत्र हैं। उन्होंने 2020 में लागू की नई शिक्षानीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास के कई पन्नों पर सुनियोजित ढंग से पर्दा डाल दिया गया था। नई शिक्षानीति में यह पर्दा हटाकर प्रत्येक व्यक्ति तक भारत का वास्तविक इतिहास पहुंचाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सौभाग्य योजना, नल से जल योजना, उज्ज्वला योजना, जीवन ज्योति योजना, आयुष्मान भारत, स्वनिधि योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि का उल्लेख किया। नैमिषारण्य में तीन पैड वाले हेलीपोर्ट के निर्माण का भी उल्लेख किया। इस दौरान भाजपा की क्षेत्रीय महामंत्री नीरज वर्मा, जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, सांसद राजेश वर्मा, बिसवां विधायक निर्मल वर्मा आदि मौजूद रहे।
सवालों पर बिफरे प्रभारी मंत्री ने फोन पर ली अफसरों की क्लास
पत्रकार वार्ता में सवाल जवाब का दौर शुरू हुआ तो जिले में बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल हुए। अमर उजाला ने प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह से पूछा कि सीएचसी महमूदाबाद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने निरीक्षण किया था। उन्हें एक्सरे मशीन खराब मिली थी, वह अब भी खराब है। जिले के अधिकांश सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रीजेंंट न होने के कारण सीबीसी मशीन धूल खा रही हैं।
बिसवां के कमुआ गांव में 18 साल से बिजली नहीं है। मिश्रिख के बरमी में बने अमृत सरोवर तक बिजली लाइन नहीं पहुंच पा रही है। इन सवालों पर प्रभारी मंत्री इस कदर झल्ला गए कि उन्होंने कह दिया कि गलत बात कही जा रही है, लेकिन इसके फौरन बाद अमर उजाला के हर सवाल पर उन्होंने फोन पर संबंधित अफसरों की क्लास ली। सीएमओ से सीएचसी में रीजेंट न होने पर सवाल किया, तो जवाब मिला कि खरीद कार्पोरेशन से होती है। महमूदाबाद सीएचसी में एक्सरे मशीन को लेकर जवाब मिला कि बजट मिल चुका है,खरीद अभी नहीं हो पाई है। बिजली विभाग के अधिकारियों से कमुआ में बिजली न होने पर सवाल किया तो अफसरों की घिग्घी बंध गई। मंत्री न कहा कि दस दिन में कमुआ में बिजली पहुंच जानी चाहिए। बरमी के अमृत सरोवर में कनेक्शन न होने पर बिजली विभाग के अफसरों ने बताया कि इस्टीमेट बनाया जा रहा है।
कमुआ के नाम पर बगले झांकने लगे विधायक
बिसवां के विधायक निर्मला वर्मा भी मौजूद थे। उनके विधानसभा क्षेत्र के कमुआ गांव में 18 साल से बिजली न होने को लेकर अमर उजाला ने सवाल किया, तो प्रभारी मंत्री ने विधायक की ओर देखा, लेकिन विधायक बगले झांकने लगे। उन्होंने मोबाइल उठाया और कहीं मिलाया भी, लेकिन कोई जवाब प्रभारी मंत्री को नहीं दे सके।
सांसद बने प्रभारी मंत्री की ढाल
स्थानीय मुद्दों को लेकर हुए सवाल पर जब-जब प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह असहज हुए, तब सांसद राजेश वर्मा ढाल बनकर उनके आगे आ गए। कई सवालों के जवाब सांसद राजेश वर्मा ने ही दिए।